
307 के मामले में आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोरबा। शराब में शामिल तत्व के दुष्प्रभाव से इंसान का चेतना तंत्र सही तरीके से काम नहीं करता है। ऐसे में होने वाली क्रियाओं का कुछ ख्याल भी नहीं रहता। डबरीपारा क्षेत्र में दो दोस्तों ने इस कदर शराब का सेवन किया कि बाद में उनके बीच विवाद हुआ और स्थिति जानलेवा हमले की निर्मित हो गई। पीडि़त दोस्त को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में भर्ती कराया है। उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। आरोपी को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है।
बालकोनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेकपोस्ट डबरीपारा में यह घटना रविवार की शाम 7.45 बजे के आसपास घटिता हुई। जिसने इलाके के लोगों को न केवल हैरान किया बल्कि सोचने को भी मजबूर कर दिया। मित्रता दिवस के 48 घंटे बाद यहां दो दोस्त टिकेश्वर यादव पिता प्रेमचंद यादव और संतोष साहू पिता घनश्याम साहू बैठे। यहां-वहां की बात की और इंज्वाय करने के लिए शराब को माध्यम बनाया। शराब का सेवन करने के बाद हालात बिगड़ते चले गए।
पुलिस के बताए मुताबिक नशा चढऩे के बाद दोनों को ही होश नहीं रहा कि यहां पर हो क्या रहा है। इसी बीच विवाद बढऩे के साथ संतोष ने पास में रखी धारदार हथियार से कई बार अपने दोस्त टिकेश्वर पर हमला कर दिया। इसके नतीजन उसके हाथ की नश कई जगह पर कट गई और बड़ी मात्रा में खून बहना शुरू हो गया। अचानक हुए हमले से टिकेश्वर बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। जबकि कुछ देर में उसका हमलावर साथी यहां से फरार हो गया। इससे पहले पीडि़त की चीख आसपास के लोगों ने सुनी। जिस पर वे हरकत में आए। उन्होंने संज्ञान लिया और मौके पर उपस्थिति दर्ज कराई। आनन-फानन में यह जानकारी बालकोनगर पुलिस को दी गई। जिसके बाद टीम ने यहां पहुंचकर मुआयना किया और अपने वाहन से पीडि़त युवक को मेडिकल कॉलेज हास्पिटल भिजवाया। बताया गया कि हाथ की नस कटने और काफी मात्रा में रक्त बह जाने से पीडि़त की हालत नाजुक बनी हुई है। विशेषज्ञों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। बालकोनगर पुलिस ने आज सुबह एक सूचना पर दबिश देकर आरोपी संतोष साहू को इस मामले में गिरफ्तार किया है। उसके विरूद्ध 307 आईपीसी का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। उसे कोर्ट में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।