
सूरजपुर। आटो का इंतजार कर रही 32 वर्षीय महिला को मोटरसाइकिल में लिफ्ट देकर अपने एक साथी के सहयोग से उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपित युवक समेत उसके साथी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। उसने बताया कि उसके पति द्वारा दूसरी शादी कर लिए जाने के कारण वह कोतवाली थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर घरों में मजदूरी का काम करती है। रविवार को वह झाड़ फूंक कराने कलुआ गांव गई थी। वहां से वापस आने के लिए वह कलुआ चौक में खड़ी होकर आटो का इंतजार कर रही थी। इस दौरान वहां मोटरसाइकिल में पहुंचे सुरेश कुमार बियार उर्फ लब्बू ने उससे कहा कि चलो तुम्हें छोड़ देता हूं। इस पर वह उसके साथ मोटरसाइकिल में बैठ गई। मोटरसाइकिल उसका साथी चला रहा था। उमेशपुर चौक से थोड़ी दूरी पर सुरेश कुमार ने अपने एक अन्य साथी के सहयोग से उसके साथ दुष्कर्म कर उसे वहीं छोड़ दिया। पीडि़त महिला की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित सुरेश कुमार बियार उर्फ लब्बू निवासी ग्राम खडग़वां चौकी बसदेई एवं उसके साथी के विरुद्ध धारा 376 डी के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।





















