मोदी लहर में कोरबा लोकसभा से 25 से ज्यादा टिकट के दावेदार

मंडल अध्यक्ष से लेकर कई बड़े चेहरे शामिल
कोरबा। अबकी बार 400 पार के नारे के साथ भारतीय जनता पार्टी 2024 का लोकसभा चुनाव लडऩे की प्लानिंग में है। छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा में आयोजित कार्यक्रम से इसका शंखनाद कर दिया गया है। प्रदेश की सामान्य लोकसभा सीट कोरबा से भाजपा की टिकट के 25 से ज्यादा दावेदार हैं। संभावित है कि अधिकतम दो दिन में नाम की घोषणा हो सकती है। कई प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों के बलबूते भाजपा 2024 का लोकसभा चुनाव लडऩे और एक बार फिर सरकार बनाने की रणनीति से अभियान में जुटी हुई है। छत्तीसगढ़ में सभी 11 सीटों पर उसका फोकस है लेकिन विशेष ध्यान कमजोर सीटों पर दिया जा रहा है ताकि उन पर परचम फहराया जा सके। कोरबा सीट भी इनमें से एक है जो अनारक्षित है। इसलिए इस बार यहां 25 से अधिक लोग टिकट के दावेदार हैं। भाजपा के सूत्रो ने बताया कि कामकाज के साथ-साथ देश में चल रही मोदी लहर के कारण दावेदारों की संख्या बढ़ी है। इनमें मंडल अध्यक्ष के साथ-साथ सामान्य कार्यकर्ता के अलावा कई बड़े चेहरे शामिल हैं जो लंबे समय से आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, भाजपा और अनुषांगिक संगठनों में सक्रिय हैं। आंतरिक लोकतंत्र पर चलने वाली भाजपा बीते चुनाव में प्रत्याशी चयन कई आधार पर करती रही है। लेकिन 2024 में कोरबा क्षेत्र से दावेदारों की संख्या कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है इससे उन लोगों का गणित गड़बड़ा गया है जो लंबे समय से तैयारी में जुटे हुए थे और अपने लिए हर स्तर पर रणनीति तैयार करने में जुटे हुए थे। सूत्रों ने बताया कि आज प्रमुख कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। इनकी संख्या 10 है। संकेत मिले हैं कि भाजपा हाईकमान दिल्ली से कोरबा लोकसभा के लिए रविवार या सोमवार तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकता है। चेहरा कौन होगा, यह उसी समय स्पष्ट होगा।
चौका सकती है नाम से पार्टी
कई दावेदार इस बात से भी आशंकित हैं कि पता नहीं उनका क्या होगा। वे खुद कहते हैं कि भाजपा में कुछ समय से प्रत्याशी चयन को लेकर जो फार्मूला चल रहा है उसमें कुछ भी हो सकता है। ऐसे में संभव है कि कोरबा से भी प्रत्याशी की घोषणा के साथ पार्टी दूसरों को चौका सकती है। उदाहरण दिया गया कि छत्तीसगढ़ से राज्यसभा उम्मीदवार के लिए रामप्रताप सिंह का नाम सबसे आगे था लेकिन ऐनवक्त पर कोई और चेहरा सामने आ गया।

RO No. 13467/11