
द्वारिका शर्मा की दावेदारी नपा दीपका से
कोरबा। 21 वार्डों वाली नगर पालिका परिषद दीपका के लिए भाजपा से जिला कार्यकारिणी सदस्य द्वारिका शर्मा दावेदारी कर रहे हैं। वे पहले मंडल अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से आशीर्वाद चाहा है जबकि अन्य स्तर पर भी अपनी बात रखी है।
कोयलांचल में व्यवसायरत द्वारिका शर्मा ने नगर पालिका के अब तक के चुनाव में पहली बार अध्यक्ष पद को लेकर दावा पेश किया है। वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हैं और उसे मजबूती देने में सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर संगठन को बेहतर करने के लिए काम किया गया है। कार्यकर्ताओं की अच्छी टीम उनके द्वारा उपलब्ध है।
आर्थिक रूप से सशक्त द्वारिका ने बताया कि अगर दीपका नगर पालिका परिषद से अध्यक्ष पद को लेकर उनके नाम पर सर्वानुमति बनती है और उन्हें दीपका से पालिका अध्यक्ष के तौर पर काम करने का मौका मिलता है तो वे क्षेत्रीय विकास को लेकर तत्पर रहेंगे। यह बात जरूर है कि यहां 21 में से 10 वार्ड एसईसीएल के क्षेत्राधिकार में हैं जबकि 11 वार्ड नगर पालिका के हिस्से में है। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सीमाएं सुनिश्चित हैं। बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति मूल रूप से यहां का प्रमुख मुद्दा रहा है और इस पर संभावना जुड़ी हुई है। उन्होंने माना कि वायु प्रदूषण यहां सबसे बड़ी समस्या है जो काफी समय से बनी हुई है। न तो कभी इसे समूल रूप से नियंत्रित करने का काम हो सका और न ही कोई ऐसा दावा कर सकता है लेकिन इतना जरूर है कि नीतिगत रूप से काम करने पर कुछ हद तक नियंत्रण तो हो सकता है। इसके लिए जरूर कोशिश होना चाहिए।






























