मौसम ले रहा करवट, बिगड़ रही सेहत

जांजगीर-चांपा। अब अलसुबह और रात को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। दिन में चिलचिलाती धूप के कारण गर्मी सता रही है। मौसम के इस तरह बदलते तेवर की वजह से लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। इस सीजन में मौसम के तेवर लगातार बदलते रहे। एक तो मानसून देर से पहुंचा और इस सीजन में अवर्षा की स्थिति भी बन गई। सितंबर के शुरूआती सप्ताह में हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज फिर से बदला और गर्मी सताने लगी। उसके बाद भादो के अंतिम सप्ताह भी बारिश हुई। इसके बाद क्वांर में पिछले सप्ताह भर से सावन की झड़ी लगी रही। जिससे लोगों को सुबह व शाम के समय ठंड का एहसास होने लगी। लोग सोच रहे थे कि अब ठंड ही रहेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दिनभर तेज धूप खिल रही है और गर्मी सता रही है। पिछले कुछ दिनों से अलसुबह और रात में हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि अभी भी दिन में गर्मी पड़ रही है। ऐसे में मौसम दो रस हो गया है। मौसम के इस बदलाव के हिसाब से लोग अपने शरीर को नहीं ढाल पा रहे हैं और बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।

RO No. 13467/9