
नोएडा, 0४ सितम्बर । कोतवाली सेक्टर-126 क्षेत्र के गांव असगरपुर में रहने वाले दो लोग रविवार शाम यमुना में नहाते समय डूब गए। दोनों का आपस में रिश्ता जीजा-साले का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कर दी है। मूलरूप से हरदोई के 22 राजकुमार गांव असगरपुर में परिवार सहित रहते हैं। उनके पास उनका साला 18 वर्षीय शिवम भी रहता है। शिवम मूलरूप से बिहार का रहने वाला है। दोनों मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक रविवार शाम दोनों यमुना में नहाने गए थे।काफी देर तक नहीं लौटे तो स्वजन को चिंता हुई। ग्रामीणों ने यमुना किनारे जाकर देखा तो उनके कपड़े और चप्पल रखे थे। ग्रामीणों ने यमुना के किनारे पानी में जाकर तलाश किया, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला। रात में इसकी सूचना पुलिस को दी।पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई, लेकिन उन्हें भी कुछ पता नहीं चला। कोतवाली प्रभारी अजय सिंह चाहर का कहना है कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों ने शाम के समय शराब पी थी। जिसके बाद दोनों नहाने चले गए थे। संभावना जताई जा रही है कि नशे में होने के चलते यमुना के गहरे जल में चले गए और डूब गए। खबर लिखे जाने तक दोनों की तलाश जारी है।

























