कोरबा। कारगिल विजय दिवस पर आज शहीदों को याद करते हुए बांकीमोंगरा में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के द्वारा मशाल रैली निकाली जाएगी। सोमवारी बाजार से मशाल रैली शुरू होगी और हनुमान चौक पर जाकर समाप्त होगी। जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जगत को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कारगिल विजय दिवस पर आज पूरे देश भर में युवा मोर्चा के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। बांकीमोंगरा में होने वाले मशाल रैली में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पंकज सोनी, प्रीति स्वर्णकार, नरेंद्र बिंझवार, सुभाष राठौर, दिनेश तिवारी, बृजेश यादव, अरविंद भगत, दीक्षित देवांगन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। युवा मोर्चा के नगर मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा व अंकित अग्रवाल के द्वारा कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। पिछले दिनों भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत जगत का निधन हो गया था। उनको याद करते हुए कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देंगे। इसी तरह आज घंटाघर चौक में भी कोसाबाड़ी नगर मंडल के द्वारा कारगिल विजय दिवस पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।