कीव। यूक्रेनी सेना ने दक्षिण-पूर्वी मोर्चे पर रूसी सेना को पीछे धकेलकर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण गांव को स्वतंत्र करा लेने का दावा किया है। यूरोजेन नाम का यह गांव अजोव सागर के नजदीक है। इससे यूक्रेन को एक बार फिर समुद्र के नजदीक पहुंचने का अवसर मिला है। डोनेस्क प्रांत में स्थित यूरोजेन को रूसी सेना का मजबूत पकड़ वाला क्षेत्र माना जाता था। उसके आसपास के क्षेत्र को रूसी सेना ने बारूदी सुरंगों से घेर रखा था। लेकिन यूक्रेनी सेना ने मजबूत हवाई ताकत के बिना इस क्षेत्र में रूसी सेना को पीछे धकेलकर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। हालांकि जपोरीजिया में रूस द्वारा नियुक्त शीर्ष अधिकारी व्लादिमीर रोगोव ने यूरोजेन को लेकर यूक्रेन के दावे को झूठा बताया है। कहा है कि यह गांव रूस के नियंत्रण में है। दोनों सेनाओं के बीच खार्कीव क्षेत्र में भी भीषण लड़ाई की सूचना है।