
नईदिल्ली। उत्तर भारत में मंगलवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार में जहां बाढ़ मुसीबत बनी, वहीं पहाड़ी राज्यों में धूप खिली। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में तो बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के लिए सेना का सहयोग लेना पड़ा है। बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को सेना ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से निकाला। वर्षा से बरेली-पीलीभीत और शाहजहांपुर रेलखंड कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया। इन रूटों पर ट्रेन संचालन बंद कर दिया गया है। बिहार में लोगों के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। नदियों में उफान से उत्तर प्रदेश में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया। राप्ती, सरयू और शारदा नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। पीलीभीत में निरंतर वर्षा और उत्तराखंड के वनबसा बैराज से छोड़े गए पानी से जिले के कई गांव डूब गए हैं। गांव बिनौरा ताल्लुके गजरौला में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना की मदद ली गई। बरेली से आए सेना के हेलीकॉप्टर ने सात ग्रामीणों को बाहर निकाला गया। ये सभी छत पर शरण लिए थे।