यूपी में कांवड़ यात्रियों के लिए सीएम योगी का बड़ा कदम, खाने-पीने की दुकानों पर लगानी होगी नेमप्लेट

लखनऊ, १९ जुलाई ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कांवड़ यात्रियों के लिए बड़ा कदम उठाया है। पूरे उत्तर प्रदेश में कांवड़ मार्गों पर खाद्य पदार्थों की दुकानों पर नेमप्लेट लगानी होगी। कांवड़ यात्रियों की आस्था की पवित्रता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। हलाल सर्टिफिकेशन वाले उत्पाद बेचने वालों पर भी कार्रवाई होगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय से दी गई है। देशभर में विरोध के बावजूद कांवड़ मार्ग पर खानपान की दुकानों पर मालिक और वहां काम करने वालों का नाम लिखने के फैसले पर योगी सरकार अडिग है। साफ कहा गया है कि पूरे उत्तर प्रदेश में कांवड़ मार्गों पर खाद्य पदार्थों की दुकानों पर नेमप्लेट लगानी होगी। व्यवस्था का अनुपालन नहीं करने वाले होटल, ढाबा व रेहड़ी-ठेली संचालक के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जाए। इसके अलावा हलाल सर्टिफिकेशन वाले प्रोडक्ट्स बेचने वालों पर भी कार्रवाई की बात कही गई है। कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से आरंभ हो रही है, ऐसे में इससे पहले सभी को अपने प्रतिष्ठान के बाहर नाम-पते का बोर्ड चस्पा करने का निर्देश दिया गया है। जांच के लिए जिलों में टीमें भी गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार, कई बार ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जब कुछ लोग पहचान छिपाकर खाद्य पदार्थ बेचते हैं और इसी कारण से विवाद की स्थिति बनती है।
कांवड़ यात्रा के दौरान ओवररेटिंग की शिकायतें भी मिलती हैं, ऐसे में सभी को खानपान की सामग्री की रेट लिस्ट लगाने को भी कहा गया है। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि यह निर्देश पिछले वर्षों के अनुभव को देखते हुए दिए गए हैं।

RO No. 13467/11