
लखनऊ, १८ जनवरी । टाटा समूह ने उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। दावोस शिखर सम्मेलन में बुधवार को मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह के साथ वार्ता के क्रम में टाटा समूह के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) सौरभ अग्रवाल ने विमानन एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में संभावनाओं पर चर्चा के दौरान यह इस क्षेत्र में निवेश का भरोसा दिलाया।दावोस शिखर सम्मेलन में 2030 डब्ल्यूआरजी (जल संसाधन समूह-वाटर रिसोसेज ग्रुप) के सहयोग से उत्तर प्रदेश के पवेलियन प्रोमेनेड-49 में गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कृषि में कार्बन के कम से कम उपयोग पर आयोजित इस गोष्ठी में कई वैश्विक हस्तियों ने भाग लिया। इनमें नेस्ले के अध्यक्ष पाल बुलके, विश्व बैंक सतत विकास के उपाध्यक्ष जुर्गन वोगेले, माइक्रोसॉफ्ट के प्रबंध निदेशक रणवीर चंद्र, बेयर की निदेशक गैबरियाला बुरियन, यूपील के चेयरमैन जय श्राफ व डब्ल्यूआरजी के कार्यक्रम निदेशक माइकल वेबस्टर सहित अन्य शामिल थे। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने कृषि क्षेत्र में निवेश संभावनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश को भारत का अन्न भंडार बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।























