
नईदिल्ली, 0२ सितम्बर ।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कुख्यात बदमाश अंजीत को गिरफ्तार किया है। बदमाश हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला है। इस पर लूटपाट, हत्या, रंगदारी समेत 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।इस वर्ष फरवरी में करनाल में रंगदारी नहीं देने पर एक कारोबारी का बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण कर लिया था। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह फरार हो गया था। पुलिस ने बदमाश के पास से एक पिस्टल बरामद की है।विशेष आयुक्त हरगोविंद सिंह धालीवाल के अनुसार, डीसीपी राजीव रंजन के देखरेख में एसीपी वेद प्रकाश, इंस्पेक्टर मनदीप और जयवीर की टीम ने अंजीत को रोहिणी इलाके से गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि अंजीत ड्रग्स तस्करी के मामले में जेल गया था। वहां वर्ष 2016 में वह अनमोल बिश्नोई, गोल्डी बराड़ के करीबी मोनू डागर के संपर्क में आया।जेल से बाहर आने के बाद वह फेसबुक के जरिए मोनू डागर के संपर्क में रहा और मोनू डागर के जरिए वह अनमोल बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के संपर्क में आया। जनवरी 2023 में उसे अनमोल बिश्नोई द्वारा जबरन वसूली के लिए करनाल में एक कारोबारी का अपहरण करने का काम सौंपा गया था, लेकिन योजना विफल हो गई उसके साथियों को पुलिस ने पानीपत में पकड़ लिया।इस दौरान वह भागने गया था। हाल में गोल्डी बराड़ ने अंजीत को गुरुग्राम में एक कारोबारी की रेकी करने का भी काम सौंपा था। फिलहाल पुलिस बदमाश से पूछताछ कर रही है।















