
संयुक्त राष्ट्र। गाजा के मिस्त्र सीमा पर स्थित शहर रफाह में सोमवार को इजरायली हमले की चपेट में आए संयुक्त राष्ट्र के वाहन में सवार भारतीय अधिकारी कर्नल (अवकाश प्राप्त) वैभव अनिल काले की मौत हो गई है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने मंगलवार को काले के असामयिक निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने वैश्विक संस्था के वाहन पर इजरायल के हमले की निंदा करते हुए कर्नल काले की मौत पर दुख जताया है। 46 वर्षीय काले ने 2022 में भारतीय सेना से रिटायरमेंट लिया था और तीन सप्ताह पूर्व ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में सिक्युरिटी कोआर्डिनेशन आफीसर के रूप में सेवा देनी शुरू की थी। एक समय 11 जम्मू-कश्मीर राइफल्स में कार्य कर चुके कर्नल काले रफाह के यूरोपियन हास्पिटल में संयुक्त राष्ट्र की ओर से सुरक्षा कार्यों के लिए तैनात थे। इसी दौरान सोमवार सुबह संयुक्त राष्ट्र का वह वाहन इजरायली हमले का निशाना बन गया जिसमें वह सफर कर रहे थे। हमले के कई घंटे बाद कर्नल काले की पहचान स्पष्ट हो पाई। उनके साथ वाहन में मौजूद व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। गाजा में सात महीने से जारी इजरायल-हमास युद्ध के दौरान संयुक्त राष्ट्र के किसी विदेशी कर्मी की यह पहली मौत है। संयुक्त राष्ट्र ने इस हमले की संपूर्ण जांच की मांग की है। इजरायल सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले युद्ध के दौरान गाजा में संयुक्त राष्ट्र के 190 से ज्यादा कर्मी मारे जा चुके हैं लेकिन वे सब वहीं के मूल निवासी थे।