
रायपुर-छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। रायपुर के बीजेपी प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है। साय ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद वे अस्थाई मुख्यमंत्री निवास पहुना पहुंच गए हैं। बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि, दो साल का बकाया धान का बोनस 25 दिसंबर को देंगे।
सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष हो सकते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में 2 डिप्टी सीएम होंगे। इनमें अरुण साव और विजय शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। दोनों ही नेता पहली बार ही विधायक बने हैं। विजय शर्मा जहां पहली बार चुनाव जीतकर निर्वाचित हुए हैं वहीं अरुण साव सांसद रह चुके हैं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय ने कहा कि, आज छत्तीसगढ़ विधायक दल की बैठक में सर्व सहमति से अपना नेता चुना है।सबसे पहले मैं बीजेपी को धन्यवाद देता हूं। मैं मोदी की गारंटी को पूरा करने का शत प्रतिशत काम करूंगा। 18 लाख आवास का काम सबसे पहले करूंगा। 25 दिसंबर को किसानों को 2 साल का बकाया बोनस भी दिया जाएगा।
विष्णुदेव साय कुनकुरी से विधायक और बड़े आदिवासी नेता हैं। वे 2 बार छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। चुनावी रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि इन्हें जिताइए, मैं इनको बड़ा आदमी बना दूंगा।
विष्णुदेव साय की मां जसमनी देवी ने कहा- आज मेरे बेटे को छत्तीसगढ़ की सेवा करने का सौभाग्य मिला है, इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि बेटा सीएम बन गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री बनने से गौरव हो रहा है।
बीजेपी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि- अनुभवी कार्यकर्ता, अटल जी के कार्यकाल में मंत्री रहे कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाया गया है इससे अच्छा और क्या हो सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि- विष्णु देव साय जी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई। नवा छत्तीसगढ़ की न्याय और प्रगति यात्रा को आप मुख्यमंत्री के रूप में आगे बढ़ाएं, ऐसी कामना करता हूं।






























