राउरकेला। ओडिशा के राउरकेला में हेमगिर थाना क्षेत्र के उस्ताली घाटी में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हो गया। इस दौरान एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से इसमें सवार दो महिला श्रमिकों की मृत्यु हो गई जबकि वाहन चालक समेत सात लोग जख्मी हो गए। श्रमिक अपने काम पर जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। शुक्रवार की सुबह एक कैंपर से नौ श्रमिक डुडुका स्थित बालाजी कंस्ट्रक्शन साइट पर काम के लिए जा रहे थे। करीब आठ बजे कैंपर उत्साली घाटी से होकर गुजर रही थी तभी चालक ने संतुलन खो दिया। वाहन के खाई में जा गिरने से सवार नौ लोगों को गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी को इलाज के लिए हेमगिर अस्पताल भेजा गया, जहां दो महिला श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया गया।