
जांजगीर-सक्ती। सक्ती जिले में जगह-जगह राखड़ का पहाड़ लोगों के लिए परेशानियों का सबब बन रहा है। दरअसल, जिले में तीन-तीन बड़े उद्योग संचालित हो रहा है जो उद्योगों से निकलने वाले राखड़ को जहां पा रहे हैं वहां डंप कर रहे हैं। इसके चलते जिले में प्रदूषण का ग्राफ बढ़ रहा है। खासकर सडक़ किनारे ही इसे ढंप किया जा रहा है जिसके चलते राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं धान की फसल को भी इससे नुकसान हो रहा है। जिसे देखने वाला कोई नहीं है।
सक्ती जिले में जिले में डीबी पावर प्लांट, आरकेएम सहित कई बड़े उद्योग संचालित हो रहे हैं। उद्योगों से निकलने वाला राखड़ को सुरक्षित रखने के लिए उद्योग संचालकों के पास पर्याप्त राखड़ डेम नहीं है। इसके चलते वे सडक़ किनारे खाली पड़े स्थानों में फेंककर चले जा रहे हैं। जो लोगों के लिए काल साबित हो रहा है। ऐसे राखड़ लोगों की सेहत में जहर घोल रहा है। यहां तक सक्ती जिला मुख्यालय के आसपास ही राखड़ का पहाड़ पड़ा हुआ है। स्थानीय सक्ती शहर के नेता इसे नजर अंदाज करने में लगे हुए हैं। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।