
प्रतापपुर। प्रतापपुर में दुर्घटना थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को ही प्रतापपुर क्षेत्र में हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। इधर गुरूवार को तेज रफ्तार मुक्तांजलि वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपनी बहन के घर से राखी बंधवाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर लगभग दो बजे के आसपास प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरौल निवासी एक युवक धर्मजीत सिंह पिता घासी दास उम्र 33 वर्ष अपनी बहन से राखी बंधवाकर मोटरसाइकिल द्वारा खोरमा की ओर से होते हुए वापस अपने घर जा रहा था तभी अचानक विपरीत दिशा से आती हुई एक तेज रफ्तार मुक्तांजलि वाहन के चालक ने लापरवाही का परिचय देते हुए खोरमा के अटल चौक के पास गलत साइड में जाकर युवक की मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की युवक मोटरसाइकिल सहित हवा में उछल गया और साथ ही मुक्तांजलि वाहन भी सड़क के किनारे स्थित एक पेड़ से टकराकर पलट गई।
























