
राजौरी, २८ नवंबर । जम्मू संभाग के राजौरी जिले के दरहाल क्षेत्र में चार से पांच संदिग्ध देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान में देर रात तक उन्हें किसी भी प्रकार की सफलता नहीं मिल पाई है। जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि दरहाल क्षेत्र में चार से पांच संदिग्ध मौजूद हैं। यह सूचना सुरक्षाबलों को ग्रामीणों ने दी। उसके बाद सेना, सीआरपीएफ व पुलिस के जवानों ने सोमवार को दोपहर संयुक्त रूप से क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों द्वारा पूरे क्षेत्र को घेर कर घरों की तलाशी के साथ-साथ जंगली इलाकों की तलाशी भी ली जा रही है, ताकि जल्द से जल्द संदिग्धों तक पहुंचा जा सके। उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों से जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने कई अभियान चलाए थे, लेकिन कोई भी सफलता न मिलने के बाद इन अभियानों को बंद कर दिया गया।















