राजौरी में सेना पर हमले की साजिश नाकाम, हथियारों का जखीरा बरामद

राजौरी, १४ फरवरी ।
जम्मू जिला के अखनूर में एलओसी पर दो दिन पहले हुए आइईडी विस्फोट को राजौरी सीमा पर दोहराने का आतंकियों का बड़ा षड्यंत्र नाकाम हो गया है। राजौरी में एलओसी पर सेना के जवानों को निशाना बनाने के लिए आतंकियों द्वारा लगाई गई एंटी टैंक माइन बरामद की गई है। इसके साथ जवानों ने चार एंटीपर्सनल माइन, छर्रे, फावड़े, रस्सी और कुछ अन्य सामान भी बरामद किया है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार को आतंकियों ने राजौरी व पुंछ जिला के मध्य पड़ते तरकुंडी सेक्टर में भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ का प्रयास किया था। आतंकियों ने एंटी टैंक माइन को भारतीय क्षेत्र में फिट करना था, ताकि जैसे ही जवान इस माइन के ऊपर से गुजरें तो उसमें विस्फोट हो और सेना को बड़ा नुकसान पहुंचाया जाए।
इस षड्यंत्र के तहत सीमा पार से जैसे ही भारतीय सेना के जवानों पर गोलीबारी हुई, उसी समय आतंकी भी भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का प्रयास करने लगे। इसपर पहले से सतर्क भारतीय सेना के जवानों की उचित कार्रवाई के चलते आतंकियों को अपने साथ लाए एंटी टैंक माइन सहित अन्य सामान को वहीं फेंककर अपनी जान बचाने के लिए वापस भागना पड़ा। इस घटना के बाद गुरुवार को सेना के जवानों ने एलओसी के पास तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान जवानों ने एक एंटी टैंक माइन के साथ अन्य सामान बरामद किया।

RO No. 13467/11