
रांची, 0३ फरवरी ।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया लोकसभा चुनाव के लिए है, न कि विधानसभा चुनाव के लिए। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में भी जाएगी। इससे पहले बनर्जी ने कहा था कि उन्हें शक है कि क्या देश की सबसे पुरानी पार्टी आगामी आम चुनाव में 40 सीटें भी जीत पाएगी। बनर्जी ने पार्टी को भाजपा को बनारस और प्रयागराज में हराने की चुनौती दी थी। रमेश ने कहा, हम उत्तर प्रदेश जरूर जाएंगे। ममता बनर्जी के मन में कोई शक नहीं होना चाहिए। उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा ग्यारह दिनों तक चलेगी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के बारे में बहुत बातें कही हैं, लेकिन मैं कुछ नहीं कहूंगा।
मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि वह बार-बार कहती हैं कि वह इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। हम भी इसका हिस्सा हैं और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम गठबंधन को मजबूत करें। एक लक्ष्य होना चाहिए। हम भाजपा और आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, राज्य स्तर की राजनीति को लेकर हमारे बीच मतभेद हैं। उन्हें अलग रखना होगा और एक राष्ट्रीय लक्ष्य के साथ हमें आगे बढऩा होगा।
इंडिया गठबंधन राष्ट्रीय स्तर के लिए है, लोकसभा चुनाव चुनाव के लिए है न कि विधानसभा चुनावों के लिए।

























