रामेश्वरम, २१ जनवरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण भारत की यात्रा पर हैं। रविवार सुबह पीएम मोदी रामेश्वरम में धनुषकोडी पहुंचे। यहां समुद्र तट पर अरिचल मुनाई बिंदु है। पीएम मोदी अभी दक्षिण भारत के दौरे पर हैं। पीएम रविवार सुबह अरिचल मुनाई पॉइंट पहुंचे। यहां दर्शन किए। थोड़ी देर प्राणायाम भी किया। यहां अलग-अलग रंगों के फूलों से आकृति बनाई। माना जाता है कि भगवान श्रीराम ने लंका जाने के लिए यहीं से समुद्र से रास्ता मांगा था। रामायण में उल्लेख है कि भगवान राम ने इसी स्थान पर बैठकर समुद्र से प्रार्थना की थी कि वो रास्ता दे दे, ताकि उनकी वानर सेना लंका तक जा सके। भगवान राम ने 2 दिन तक समुद्र की आराधना की, लेकिन समुद्र देव उपस्थित नहीं हुए। इस पर भगवान राम को क्रोध आ गया। उन्होंने समुद्र को सुखाने के लिए तरकश से तीर निकाला और प्रत्यंचा चढ़ाई ही थी कि समुद्र देव प्रकट हो गए। बाद में यहीं से पुल बनाते हुए राम जी की सेना लंका पहुंची और रावण की वध कर सीता माता को सुरक्षित लेकर आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तमिलनाडु दौरे पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने तिरुचिरापल्ली के श्रीरंगनाथस्वामी मंदिर में दर्शन किए। दोपहर में उन्होंने रामेश्वरम में रोड शो किया। इसके बाद प्रधानमंत्री रामेश्वरम के अग्नितीर्थम तट पर जाकर डुबकी लगाई और भगवान रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा की। पीएम मोदी ने रामायण पाठ और भजन संध्या में भी हिस्सा लिया।