राम मंदिर की तर्ज पर अमेरिका में बनेगा भव्य मंदिर इतने दिन में पूरा होगा निर्माण का पहला चरण

तिरूवनंतपुरम, १६ दिसम्बर ।
अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर अमेरिका में एक भव्य मंदिर का निर्माण होगा। ह्यूस्टन के पियरलैंड में स्वामी सत्यानंद सरस्वती फाउंडेशन वैश्विक हिंदू समुदाय के लिए पांच एकड़ क्षेत्र में फैले विशाल मंदिर का निर्माण कराएगा। केरल हिंदूज आफ नार्थ अमेरिका कांफ्रेंस के एक हिस्से के रूप में, फाउंडेशन का लक्ष्य 23 नवंबर, 2025 को एक शक्तिशाली, दिव्य स्थान पर बलालया प्रतिष्ठा समारोह आयोजित करना है। मंदिर निर्माण का पहला चरण 24 नवंबर, 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।नया मंदिर प्रसिद्ध श्रीमीनाक्षी मंदिर के सामने स्थित होगा। मंदिर निर्माण की आधिकारिक घोषणा अटुकल थंत्री वासुदेव भट्टथिरी के नेतृत्व में प्रार्थना के साथ एक समारोह के दौरान की गई। पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर समेत कई गणमान्य लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।इस परियोजना का उद्देश्य आध्यात्मिक एकता को बढ़ावा देना, सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना और वैश्विक हिंदू समुदाय को सशक्त बनाना है। फाउंडेशन के अधिकारियों ने यह भी कहा कि कई लोगों ने जीवन में एक बार मिलने वाले इस अवसर के लिए समर्थन व्यक्त किया है। अमेरिका में एक बड़ी हिंदू आबादी रहती है।

RO No. 13467/11