
सूरजपुर। भैयाथान विकास खण्ड की ग्राम पंचायत मोहली में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न सामग्री वितरण कार्य में गड़बड़ी से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को ग्राम पंचायत भवन पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया। खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी से नाराज हंगामा मचा रहे ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालक द्वारा बीते दो माह से अधिकांश ग्रामीणों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल का वितरण नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के 397 राशन कार्डधारियों में से महज दो दर्जन हितग्राहियों को ही चावल का वितरण किया गया है। उनका आरोप था कि ग्राम पंचायत में संचालित शासकीय उच्चतर मूल्य दुकान के संचालक द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के खाद्यान्न सामग्री वितरण में अक्सर गड़बड़ी की जाती रही है। इस आशय की पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के अभाव में दुकान संचालक के हौसले बुलंद हैं। उक्ताशय की जानकारी मिलते ही खाद्य निरीक्षक अतुल गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर आदर्श आचार संहिता लागू रहने की जानकारी देते हुए हंगामा मचा रहे ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की शिकायत पर खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी के मामले में शासकीय उचित मूल्य दुकान मोहली की जांच की गई है। जांच प्रतिवेदन एसडीएम को सौपा जाएगा। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।





















