मुजफ्फरपुर। राज्यसभा सदस्य व कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी व सांसद प्रियंका गांधी के विरुद्ध मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) राजकपूर के कोर्ट में शनिवार को परिवाद दाखिल किया गया है।यह परिवाद भारतीय सार्थक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सदर थाना के लहलादपुर पताही गांव के अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने दाखिल किया है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर आरोप लगाया गया है। कोर्ट ने परिवाद को सुनवाई पर रखा है। इसके लिए 10 फरवरी को सुनवाई की तिथि तय की गई है। परिवाद में अधिवक्ता सुधीर कुमार ओझा ने कहा है कि 31 जनवरी को बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के बाद तीनों आरोपित एक साथ संसद भवन से निकल रहे थे। जब मीडियाकर्मियों ने सोनिया गांधी से राष्ट्रपति के अभिभाषण के बारे में पूछा तो उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया। इस बीच सभी आरोपित आपस में बातचीत करते नजर आए और कहने लगे कि सब झूठे वादे हैं।
राष्ट्रपति भवन ने जारी की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेताओं के बयान के बाद इस पूरे मामले में राष्ट्रपति भवन की ओर से बयान जारी किया गया। इस बयान में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया गया। साथ ही इस बयान के लिए बिना नाम लिए सोनिया गांधी की निंदा भी की गई।