
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के बाद भगदड़ में 121 लोगों की मौत के मामले में छह सेवादारों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें दो महिलाएं शामिल हैं। 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर फरार है। पुलिस ने उसपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। देव प्रकाश मधुकर मनरेगा तकनीकी सहायक है। उपायुक्त मनरेगा ने उसकी एस्टीमेट बनाने की पावर सीज तक दी। साथ ही, उससे ग्राम पंचायतों का प्रभार ले लिया। अब उसपर बर्खास्तगी की तलवार लटकी है। पुलिस अभी सूरजपाल सिंह उर्फ नारायण साकार विश्व हरि (भोले बाबा) को आरोपित नहीं मान रही है। करीब 200 मोबाइल नंबर पुलिस के रडार पर हैं। कुछ नंबरों पर घटना वाले दिन बाबा की बातें हुई थीं। भीड़ रोकने, धकेलने और साक्ष्य छुपाने का प्रयास करने वाले सेवादारों को चिह्नित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित एसआइटी ने अब तक 70 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। सभी मरने वालों की पहचान कर ली गई है। उधर, हादसे में मरने वालों के स्वजन से मिलने व घायलों का हाल जानने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को अलीगढ़ व हाथरस आएंगे।