
शिवरीनारायण। नगर के मुख्य मार्ग में लगने वाले जाम के कारण लोगो का जीना मुहाल हो गया है। मुख्य मार्ग में लगने वाले जाम के लिए रेत से भरे भारी वाहन जिम्मेदार हैं। रोजाना सैकड़ों की संख्या में रेत से भरे वाहन सडक़ो पर सरपट दौड़ रहे हैं, जिस वजह से नगर के मुख्य मार्ग में आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इन भारी वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने में स्थानीय प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है, जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। विदित हो कि इन दिनों बिर्रा के पास बोरसी गांव में रेत घाट का संचालन किया जा रहा है। रेत घाट में मिल रही सस्ती रेत के कारण बिलासपुर से सैकड़ों की संख्या में भारी वाहन रोजाना नगर की सडक़ो से गुजरते हैं।
जिसके कारण नगर के लोगो को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।रेत से भरे सभी भारी वाहन क्षमता से अधिक मात्रा में रेत लोडिंग कर नगर की सडक़ो पर मौत बन कर दौड़ रहे हैं। रेत से भरे ओवर लोडिंग वाहनों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। जिसके कारण रेत सप्लाई में लगे लोग सरकारी नियम को टेंगा दिखा रहे हैं। ज्ञात हो कि शिवरीनारायण व्यापारिक नगरी है। यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग आसपास गांवो के लोग खरीदी करने के लिए आते हैं। वर्तमान समय में शादी का सीजन चल रहा है। जिसके कारण नगर के मुख्य मार्ग में स्थित दुकानों में लोगो की भीड़ जुट रही है। रोजाना रेत से भरे वाहनों के नगर के मुख्य मार्ग से गुजरने से खरीदी करने वाले लोगो के मन में हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। रेत से भरे ओवर लोड वाहन नगर की सडक़ो में यमराज बन कर दौड़ रहे है। रेत से भरे भारी वाहनों की संख्या रोजाना बढ़ती जा रही है। जिस पर जिम्मेदार अधिकारी अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं।
रेत लोड सभी भारी वाहन ओवर लोड
नगर से गुजरने वाले सभी रेत से भरे भारी वाहन अपनी क्षमता से अधिक लोडिंग कर सडक़ो पर मौत बन कर दौड़ रहे हैं। ओवर लोड वाहनों के चलने के कारण सडक़े खराब हो रही हैं। रेत से भरे ओवर लोड वाहनों से पानी के साथ रेत भी गिरती है है, जिसके कारण सडक़ो में रेत फैल रही है। सडक़ो में फैली रेत के कारण सडक़ो पर चलना मुश्किल हो रहा है। रेत के सडक़ में फैलने से छोटे वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं लेकिन इन सब से जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों का कोई लेना देना नही है। जिसके कारण रेत सप्लाई में लगे वाहन चालक सरकारी नियमों को रौंद रहे हैं। नियम विरुद्ध चल रहे बेखौफ रेत से भरे वाहनों पर कार्रवाई नही होने से इनके हौसले बुलंद हैं। बोरसी घाट से रेत लोड कर रोजाना सैकड़ो हाइवा नगर के मुख्य मार्ग केरा रोड, शबरी पुल मोड़, केरा चौक, मेन रोड, बॉम्बे मार्केट, नटराज चौक, शबरी चौक से बिलासपुर रोड होते हुए बिलासपुर के लिए जाते हैं। इन हाइवा वाहनों में रेत ओवर लोड तो ले जाया ही जा रहा है साथ ही बिना तिरपाल ढक़ें ही रेत का परिवहन किया जा रहा है। जिससे रेत सडक़ पर गिरते हुए जाती है व रेत के कण बाइक सवार लोगों की आंखों में पड़ते हैं जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।
रेत से भरे ओवर लोडिंग वाहनों एवं बिना तिरपाल ढके रेत का परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सागर पाठक,थाना प्रभारी शिवरीनारायण
























