
इस्लामाबाद। स्वदेश लौटने के बाद आयोजित स्वागत रैली में महिलाओं पर की गई टिप्पणी को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ विपक्ष के निशाने पर हैं। डान समाचारपत्र के अनुसार, सीनेट सत्र के दौरान नवाज की जमकर आलोचना की गई।अपने भाषण में नवाज ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की महिला समर्थकों की तुलना दूसरी पार्टी की समर्थकों से की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की समर्थक बहुत सम्मानित हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की सांसद मलीका बोखारी समेत अन्य राजनेताओं एवं पत्रकारों ने नवाज की टिप्पणी की निंदा की। डान के अनुसार, नवाज ने कहा था, हमारी बहनें कहां हैं। इस रैली को सुनने आई हमारी बहनों को आदर से देखिए। यहां कोई संगीत पर नृत्य नहीं कर रही हैं। मैं जो कह रहा हूं उसे आप समझ रहे हैं कि नहीं। सीनेट में पीटीआई के सीनेटर वालिद इकबाल ने यह मुद्दा उठाया। महिलाओं के सम्मान के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने पीएमएल-एन के दिवंगत सीनेटर राणा मकबूल का उदाहरण दिया। एमक्यूएम प्रमुख अल्ताफ हुसैन ने भी महिलाओं के विरुद्ध टिप्पणी की थी और बाद में माफी मांग ली थी। सीनेट के चेयरमैन सादिक संजरानी ने राजनीतिक बयानबाजी को मुद्दा नहीं बनाने का आग्रह किया।























