
पटना, १९ अगस्त।
गंगा नदी के जलस्तर में लगातार कमी हो रही है। पटना जिला में अब केवल दो जगहों पर पानी खतरे के निशान से ऊपर है। गांधी घाट पर पानी लाल निशान से 12 सेंटीमीटर तो हाथीदह में 35 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। कई जगहों पर पानी घाट से नीचे जा चुका है। पुनपुन और सोन के पानी में भी कमी आई है। चार-पांच दिनों पहले गंंगा उफनाई हुई थी। पटना में सभी जगहों पर यह खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। दियारा क्षेत्रों में भी पानी घटने लगा है।
हालांकि, पानी लगने के कारण सब्जी की खेती पर काफी प्रभाव पड़ा है। बीते 12 अगस्त को दीघा घाट, गांधी घाट, मनेर एवं हाथीदह में जलस्तर खतरे के निशान से काफी ज्यादा था, लेकिन 18 अगस्त की सुबह जलस्तर में एक मीटर तक कम पानी आंका गया है। करीब एक सप्ताह में मनेर में एक मीटर, दीघा घाट पर 70 सेंटीमीटर, गांधी घाट पर 60 सेंटीमीटर और हाथीदह में एक मीटर से ज्यादा पानी घटा है।
राहत की बात यह है कि दीघा और गांधी घाट पर जलस्तर स्थिर है तो अन्य जगहों पर इसमें तेजी से गिरावट हो रही है।


























