
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा में दो भाइयों के बीच मारपीट हो गई। घटना में घायल युवक के घर तक सडक़ नहीं होने के कारण एंबुलेंस नहीं पहुंच पाई। घायल को पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कंधे में ढोकर सडक़ तक लाया। फिर पुलिस के वाहन से घायल को कुसमी अस्पताल में भर्ती किया गया। कुसमी के सेमरा उपरपारा में दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया।
इस दौरान एक भाई ने अपने सगे भाई के ऊपर डंडे से वार कर दिया। घटना में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट करने वाले बड़े भाई ने घायल को घर में छोडक़र दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया। कुसमी पुलिस घटनास्थल पहुंची तो घर का दरवाजा बंद मिला। बड़ी मुश्किल से घर का दरवाजा खोलकर घायल को बाहर निकाला गया। घटनास्थल तक वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण पुलिसकर्मियों ने घायल को ले जाने लकड़ी और कपड़े के सहारे वैकल्पिक उपाय बनाया। उसी में घायल को लिटाया गया। चार लोग उसे कंधे में उठाकर लगभग दो किमी दूर सडक़ तक ले गए। वहां पहले से ही पुलिस की वाहन खड़ी थी। उसी वाहन से घायल को कुसमी अस्पताल पहुंचाया गया। घायल का उपचार चल रहा है। मारपीट करने वाले आरोपित भाई को हिरासत में ले लिया गया है।