
जांजगीर चांपा। कृषि प्रधान जांजगीर चांपा जिले में हो रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के तहत अब तक 61 लाख क्विंटल धान की खरीदी हा चुकी है। खास बात यह ह है कि खरीदी में सिर्फ एक दिन का समय शेष रह गया है और अभी भी 78 सौ किसान धान बेचन नहीं पहुंचे है। इसके अलावा जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार खरीदी करने अब एक ही दिन में करीब 6 लाख क्विंटल धान खरीदनी होगी।
गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू की गई है। जिसकी अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित है। पूर्व में शासन द्वारा 20 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से घान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बाद भाजपा सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से धान खरीदी की जा रही है। ऐसे में पंजीकृत रकबा के अनुसार जिले में तकरीबन 67 लाख क्विंटल धान की खरीदी होनी है। विभागीय जानकारी के मुताबिक 30 जनवरी की स्थिति में जिले में पंजीकृत 1 लाख 22 हजार 826 किसानों में से 1 लाख 15 हजार 17 किसानों से 61 लाख 15 हजार 928 क्विटंल धान की खरीदी हो चुकी है, जबकि 67 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य हासिल करने सिर्फ एक दिन 31 जनवरी को ही अब 6 लाख क्विंटल धान खरीदी को चुनौती है। खास बात यह है कि पंजीकृत किसानों में से 7 हजार 809 किसान अभी तक धान बेचने नहीं पहुंचे है। हालांकि 30 जनवरी को भी बड़ी संख्या में किसानों का टोकन जारी हुआ है, जो बुधवार 31 जनवरी को धान बेचेंगे। ऐसे में 67 लाख का लक्ष्य हासिल करने शेष 78 सौ किसानों से करीब 6 लाख क्विंटल धान की खरीदी करनी होगी। इधर अंतिम दिनों में टोकन कटवाने से लेकर तौल कराने को लेकर अधिकतर केन्द्रों में किसानों की भीड़ सुबह से शाम तक लगी रही। कई जगहों पर टोकन लिमिट पार होने की समस्या भी बनी रही। ऐसे में उच्चाधिकारियों के निर्देशन में कुछ जगहों पर टोकन लिमिट बढ़ाया गया और छूटे हुए किसानों का टोकन जारी किया गया है। बहरहाल समर्थन मूल्य पर हो रही धान खरीदी में सिर्फ एक दिन का समय रह गया है और खरीदी के अंतिम दिन अधिकतर केन्द्रों में बही संख्या में आवक टोकन जारी हुआ है। जिससे आखिरी दिन खरीदी का लगभग लक्ष्य के करीब पहुंचने की पूरी संभावना है।
कटा है आवक टोकन
धान खरीदी के अन्तिम तारीख में किसानो का आवक टोकन काटा गया है 1लाख किसानो से करीब 61 लाख 15 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है। अभी 78सौ किसान धान नहीं बेच पाए हैं।
गजेन्द्र राठौर
जिला विपणन अधिकारी जांजगीर चांपा



















