रायपुर/बिलासपुर। कांग्रेसी लबरा और भ्रष्टाचारी हैं, जिसने अपने 5 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था। इनको फिर से सबक सिखाना है। कांग्रेसियों ने भारत जोड़ो यात्रा की, लेकिन अपने घर को ही नहीं संभाल पा रहे हैं। रोज बड़े-बड़े कांग्रेस नेता के रिश्तेदार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। दुर्ग में विजय बघेल के नामांकन रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भाभी ने भाजपा प्रवेश किया। कांग्रेस में चारों ओर भगदड़ मची है। श्री साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। महादेव सट्टा एप को संरक्षण देने के लिए उन पर 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा, जिस पर एफआईआर भी दर्ज हुआ है। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं। कभी गद्दे में सोने वाले आज जेल में नीचे सो रहे हैं, मच्छर से परेशान हैं। ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है। कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है, खाता खोलने भी नहीं देना है।