
सूरजपुर। गुरुवार की देर रात अग्रसेन वार्ड में कपड़ा व्यवसायी के घर नकदी समेत 15 से 20 लाख रुपये के जेवरातों की लूट का मामला जांच में झूठा निकला है। देनदारी चुकता करने व्यापारी ने पूरा षडय़ंत्र रचा था। इधर पुलिस लूट की झूठी शिकायत दर्ज करने वाले कपड़ा कारोबारी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की तैयारी में है। लूट की घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में केतका रोड अग्रसेन वार्ड में घटित होने की शिकायत शुक्रवार सुबह कपड़ा कारोबारी नरेश अग्रवाल 62 वर्ष ने दर्ज कराई थी। कपड़ा कारोबारी ने कोतवाली पुलिस को बताया था कि गुरुवार की रात करीब डेढ़ बजे उसके घर के सामने लड़ाई झगड़े की आवाज सुनकर वह वे निकले थे। उसी दौरान उसके घर के पिछवाड़े से चारदीवारी फांदकर घर में घुसे दो युवकों ने उसकी गर्दन में उस्तरा अड़ाकर उसके गल्ले से 25 हजार रुपये और लाकर की चाबी लेकर करीब 15 से 20 लाख रुपये का जेवरात लूट कर ले गए। लुटेरों ने अलमारी को तोड़कर पूरा समान भी बिखेर दिया। वारदात की जानकारी मिलते ही सूरजपुर एसपी एमआर आहिरे समेत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, सीएसपी एसएस पैकरा, टीआई विमलेश दुबे, उप निरीक्षक पीयूष चंद्राकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी कुलदीप कुजूर ने भी पुलिस टीम ने घटना स्थल की जांच की। पुलिस ने नरेश अग्रवाल व उनके परिजनों का बयान दर्ज किया। घटना स्थल व आरोपितों के जाने वाले बताए गए मार्ग स्थित सीसीटीवी कैमरों को भी पुलिस ने खंगाला, लेकिन घटना समय में किसी के आने जाने की जानकारी नही मिली।




















