लाड़ली बहना योजना नहीं होगी बंद, शिवसेना नेता संजय राउत को सीएम मोहन यादव का जवाब

भोपाल। महाराष्ट्र के शिवसेना नेता(उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने करारा जवाब दिया है। यादव ने कहा, संजय राउत जरा मध्य प्रदेश आकर देखें। जब से लाड़ली बहना योजना आरंभ हुई है, तब से लगाातार हर महीने प्रदेश की 1.29 करोड़ बहनों के खातों में सम्मान की यह राशि भेजी जा रही है। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में हार के भय से उद्धव की पार्टी बहनों को बरगलाना चाहती है, बहनें ही इसका उत्तर देंगी। दरअसल, राउत ने एक बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की बहनों को अब इस योजना के पैसे नहीं मिल रहे हैं। लाड़ली बहना योजना बंद होने को लेकर शिवसेना नेता संजय राउत (उद्धव ठाकरे गुट) के बयान पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, हमने हमारी 500 साल पूर्व की सम्राज्ञी वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर एक साथ प्रदेश की हितग्राही लाड़ली बहनों के खातों में राशि डाली है। कोई ऐसा महीना नहीं जा रहा है जिसमें यह राशि नहीं डाली गई है, लेकिन हार के डर से शिवसेना(उद्धव ठाकरे गुट) के लोग महाराष्ट्र के चुनाव में मतदाताओं को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। यादव ने कहा कि यह नारी सशक्तिकरण की योजना है, जिसे हम बंद करने के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि हमारी योजना के तहत बहनों के जीवन में बेहतरी हो।

RO No. 13467/11