
पटना। सांसद अभय कुमार कुशवाहा को लोकसभा में राजद संसदीय दल का नेता बना दिया गया है। कुशवाहा औरंगाबाद के सांसद हैं। सांसद के रूप में यह उनका पहला टर्म है। वह जदयू के विधायक और युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। राजद ने जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव को लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाया है। ये जहानाबाद से दूसरी बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। फैयाज अहमद को राज्यसभा में सचेतक बनाया गया है। संसदीय दल के नेता पद पर अभय कुशवाहा के चयन को राजद के आधार विस्तार का प्रयास माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में राजद की अगुआई वाले महागठबंधन ने कुशवाहा बिरादरी के सात लोगों को उम्मीदवार बनाया था। राजद के अभय कुशवाहा के अलावा भाकपा माले के राजाराम सिंह की जीत हो गई। दूसरी तरफ एनडीए के बड़े नेता उपेंद्र कुशवाहा चुनाव हार गए। लोकसभा में राजद की ओर से किया गया यह प्रयोग सफल माना गया।