लाल सागर में अमेरिकी युद्धक जहाजों पर मिसाइल हमला, हूती विद्रोहियों के दावे से बढ़ा तनाव

ईरान, 06 मार्च । समर्थित हूती विद्रोहियों ने अमेरिका के दो युद्धक जहाजों को लाल सागर में निशाना बनाने का दावा किया है। हूती संगठन के प्रवक्ता याहया सरेया ने टेलीविजन पर जारी किए गए बयान में ये बड़ा दावा किया है। हूती विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने लाल सागर में अमेरिका के दो युद्धक जहाजों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। हालांकि अभी तक अमेरिका की तरफ से इसे लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। इस्राइल हमास युद्ध शुरू होने के बाद से ही हूती विद्रोही फलस्तीन के समर्थन में अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट पर लाल सागर, अदन की खाड़ी में व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हैं। इन हमलों के चलते कई व्यापारिक फर्म ने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट की बजाय अपने जहाजों को दक्षिण अफ्रीका के लंबे रूट से भेजना शुरू कर दिया है। इसके चलते दुनिया में महंगाई बढऩे की आशंका है। साथ ही हूती विद्रोहियों के हमले से इस्राइल हमास युद्ध के पूरे अरब क्षेत्र में फैलने का खतरा बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट की सुरक्षा के लिए अमेरिका ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निगरानी बढ़ा दी है। हालांकि हूती विद्रोही अमेरिका के युद्धक जहाजों को भी निशाना बना रहे हैं। अमेरिकी युद्धक जहाजों ने पूर्व में हूती विद्रोहियों के कई हमलों को नाकाम किया है।

RO No. 13467/11