लंदन। गुरुवार को हुए चुनाव में ब्रिटेन की लेबर पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इसी के साथ 14 वर्ष के बाद पार्टी की सत्ता में वापसी हुई है। अब तक 650 में से 648 सीटों के नतीजे आए हैं। लेबर पार्टी को 412 सीटों पर जीत हासिल हुई है, जबकि कंजरवेटिव पार्टी को 121 सीटें मिलीं हैं। ब्रिटेन में बहुमत का आंकड़ा 326 है। लेबर पार्टी के नेता किएर स्टार्मर ब्रिटेन के आधिकारिक प्रधानमंत्री बन गए हैं। चुनावी नतीजे सामने आने के बाद किएर स्टार्मर ने बकिंघम पैलेस में किंग चा‌र्ल्स से मुलाकात की। किएर स्टार्मर ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट से अपने पहले संबोधन में कहा है कि बदलाव की शुरुआत हो गई है। स्टार्मर ने जोर देकर कहा ‘किसी देश में बदलाव करना स्विच दबाने जैसा नहीं होता, इसमें कुछ समय लगेगा। उन्होंने माना कि दुनिया ज्यादा अस्थिर है। किएर स्टार्मर ने पहले ब्रिटिश एशियाई प्रधानमंत्री के तौर पर ऋषि सुनक के काम को भी सराहा।