
सूरजपुर। कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एम. आर. आहिरे ने संयुक्त रूप से एसडीएम एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में लॉ एंड ऑर्डर के लिए चुनौती बन सकने वाले मुद्दों की पहचान कर उसका समाधान करने पर चर्चा की गई। जिले में अमन चैन बनाये रखने के लिए अधिकारियों को कई टिप्स दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन के संस्थाओं की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता हो यह हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने एसडीएम, थाना प्रभारी और बाकी अधिकारियों को कहा कि अपनी संस्था का निरीक्षण करें और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करें। कलेक्टर ने पुलिस अमले को बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्ति, संस्था या समूह की अपडेटेड लिस्ट बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को जनता के साथ लगातार संपर्क में बने रहने के निर्देश दिए। ताकि बेहतर कम्युनिकेशन के माध्यम से एक बेहतर सूचना तंत्र तैयार किया जा सके। उस सूचना तंत्र का उपयोग किसी अप्रिय घटना के प्रबंधन में किया जा सके। उन्होंने बेहतर निगरानी के लिए सीसीटीवी के उपयोग पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि, सभी एसडीएम को व्यापारिक संघ के सदस्यों से चर्चा करनी चाहिए और सभी दुकानों के अंदर और बाहर सीसीटीवी इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इससे किसी अप्रिय घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज का इस्तेमाल किया जा सके। साथ ही कहा कि, छोटी-बड़ी घटना का लगातार विश्लेषण करते रहें। अधिकारी सोशल मीडिया का भी अवलोकन करते रहें। अफवाह एवं झूठ इनके जरिए तेजी से फैलता है।














