
नई दिल्ली। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने बेबाक अंदाज और अपने व्यंग्यात्मक तरीके के लिए जाने जाते हैं। कई मौकों पर उन्होंने विदेशी धरती पर कुछ ऐसे जवाब दिए हैं, जिससे सामने वाले की बोलती तक बंद हो गई है। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। दरअसल, जयशंकर म्यूनिख में सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस की एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भारत और दुनिया में लोकतंत्र की अहमियत पर बात की। उन्होंने कहा कि, लोकतंत्र ने दुनिया को बहुत कुछ दिया है।इस बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, नॉर्वे की प्रधानमंत्री और अमेरिकी सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन और वारसा के मेयर रफाल ट्रासकोव्सक पैनलिस्ट के तौर पर शामिल हुए थे। इस बैठक के दौरान कुछ पैनलिस्ट ने कहा कि दुनिया में लोकतंत्र का भविष्य खतरे में है। इस जवाब को सुनकर एस जयशंकर ने इस दावे को खारिज कर दिया और कहा कि मैं लोकतंत्र को लेकर काफी ज्यादा आशावान हूं।



























