लोकसभा की कार्यवाही दोपहर तक स्थगित, सरकार बोली- विपक्ष चर्चा से भाग रहा

नईदिल्ली, 31 जुलाई । मणिपुर का दौरा करने वाले I.N.D.I.A गठबंधन के सांसदों और अन्य विपक्षी नेताओं ने आज संसद भवन में कांग्रेस के संसदीय कार्यालय में एक बैठक की। इस बैठक में विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की गई। इस बैठक में सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहे। वहीं संसद में आज दिल्ली अध्यादेश पेश किया जा सकता है। हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई है। विपक्षी सांसद मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री के बयान की मांग पर अड़े हैं। वहीं सरकार ने कहा है कि वह मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। सरकार ने ये भी आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीते शुक्रवार को बताया था कि इस हफ्ते दिल्ली अध्यादेश की जगह लेने वाला कानून संसद में पेश किया जा सकता है। इस पर आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि संसद में आज पेश किया जाने वाला अध्यादेश अलोकतांत्रिक है। यह ना सिर्फ संविधान के खिलाफ है बल्कि यह दिल्ली के दो करोड़ लोगों के भी खिलाफ है। भाजपा यह समझ चुकी है कि दिल्ली में वह खत्म हो गई है इसलिए उनकी पार्टी का नेतृत्व ऐसे फैसले लेकर दिल्ली सरकार को बर्बाद करना चाहते हैं। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हमारी सिर्फ ये मांग है कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होनी चाहिए। मणिपुर में हालात बेहद गंभीर हैं। देश को बचाने की जरूरत है। भाजपा और उसके सहयोगियों को भी मणिपुर का दौरा करना चाहिए और सभी को मणिपुर के हालात की समीक्षा करनी चाहिए। बैठक से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए आप पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन के सांसद मणिपुर के लोगों के आंसू पोंछकर वापस लौट आए हैं। आज विपक्षी सांसद बैठक करेंगे और इस बैठक में मणिपुर के हालात पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष के अगले कदम के बारे में जानकारी दी जाएगी।

RO No. 13467/11