चंडीगढ़, २७ जुलाई ।
हरियाणा में भाजपा के छह जिलाध्यक्षों और चार जिला प्रभारियों की छुट्टी कर दी गई है। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी ने आधा दर्जन जिलाध्यक्षों को उनके मौजूदा पदों से हटाकर सख्त निर्णय लिया है।हालांकि हटाए गए छह जिलाध्यक्षों में से पांच को प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में एडजेस्ट किया गया है, लेकिन पार्टी के इस सख्त फैसले का विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सकारात्मक असर पडऩे की संभावना है।भाजपा ने हिसार की जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ को हटाकर अशोक सैनी को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। जींद के जिलाध्यक्ष राजू मोर को पद से हटाकर उनके स्थान पर तेजेंद्र ढुल को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सिरसा की जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग से जिम्मेदारी वापस लेकर शीशपाल कांबोज को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। रेवाड़ी के जिलाध्यक्ष प्रीतम चौहान को हटाकर उनके स्थान पर वंदना पोपली को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। कुरुक्षेत्र के जिलाध्यक्ष रवि बतान को हटाकर उनके स्थान पर सुशील राणा को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हिसार से आशा खेदड़, जींद से राजू मोर, सिरसा से निताशा सिहाग, रेवाड़ी से प्रीतम चौहान और कुरुक्षेत्र से रवि बतान को प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में एडजेस्ट किया गया है, जबकि अशोक गुर्जर को कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।भाजपा की महेंद्रगढ़ की जिला प्रभारी गार्गी कक्कड़ के स्थान पर शंकर धूपड़ को पार्टी का नया जिला प्रभारी बनाया गया है, जबकि कैथल के जिला प्रभारी मनीष यादव के स्थान पर अमरपाल राणा को नया जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है।जींद के लिए राज्यसभा सदस्य एवं एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण पंवार के स्थान पर प्रो. मदन गोयल और भिवानी के लिए रेणु डाबडा के स्थान पर राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा नये जिला प्रभारी होंगे। हरियाणा भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं विधायक मोहन बडौली के कार्यभार संभालने के तुरंत बाद पार्टी ने यह बड़ा फेरबदल किया है। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद कई जिलाध्यक्षों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
जबकि कुछ पर चुनाव के लिए आए फंड को खुर्दबुर्द करने का आरोप लगा था।कई जिलाध्यक्षों ने पार्टी के लिए काम करने की औपचारिकता निभाई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पुनिया से चर्चा के बाद प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुरेंद्र पुनिया ने नई नियुक्तियों के संबंध में आदेश जारी किए हैं। प्रदेश कार्यालय प्रभारी के पद से गुलशन कुमार को पहले ही हटाया जा चुका है।