नईदिल्ली, 31 अगस्त । लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दिल्ली में बड़ा बदलाव करते हुए अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। अभी अनिल चौधरी के पास ये जिम्मेदारी थी। अनिल चौधरी की जगह अब अरविंदर सिंह लवली दिल्ली में पार्टी की कमान संभालेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्र जारी कर बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने तत्काल प्रभाव से अरविंदर सिंह लवली को दिल्ली कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।अरविंदर का जन्म पंजाब के लुधियाना में हुआ था। दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई के दौरान ही अरविंदर सामाजिक कार्यों में सक्रीय रहते थे। पढ़ाई के दौरान अरविंदर कॉलेज के छात्रसंघ के लिए चुने गए। वह विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संगठनों के साथ सक्रिय रूप से शामिल थे। अरविंदर दिल्ली स्थित भीमराव अंबेडकर कॉलेज के अध्यक्ष भी बने।पढ़ाई के दौरान ही राजनीतिक गतिविधियों में अरविंदर की गहरी दिलचस्पी जाग गई थी। उन्होंने 1992 से 1996 तक कांग्रेस की छात्र इकाई एएनयूआई के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में काम किया। साल 1998 में पहली बार अरविंदर गांधीनगर से विधायक चुने गए। उस समय अरविंदर दिल्ली विधानसभा के सबसे कम उम्र के सदस्य थे। शीला सरकार में 1998 से 2013 तक वह तीन बार विधायक रहने के साथ-साथ मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान 2003 में अरविंदर को कैबिनेट में शामिल किया गया। शीला दीक्षित की कैबिनेट में शिक्षा मंत्री रहते हुए अरविंदर ने पब्लिक स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण शुरू करने की पहल की थी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली को देश का पहला ऐसा राज्य बनाने की पहल की जहां स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा प्रदान कराई जाती है।