
मुख्यमंत्री ने कोरबावासियों को दी 13,356 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
कोरबा । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज कोरबावासियों को 13,356 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। शहर के डॉ. अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 12915 करोड़ रूपए की लागत से छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी हसदेव ताप विद्युत गृह की नवीन सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना 2 म 660 मेगावॉट कोरबा (पश्चिम) की आधारशिला रखी और 325 करोड़ की लागत से बनने वाले स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय और विभिन्न विभागों के अंतर्गत किए जा रहे 72 विकास कार्यों का भी लोकार्पण, भूमिपूजन किया। इस दौरान यहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि कोरबा, ऊर्जा की राजधानी है। प्रथम प्रधानमंत्री श्री जवाहर लाल नेहरू ने वर्ष 1957 में यहां बिजली प्लांट की शुरूआत की थी। उन्होंने जिलेवासियों को अब तक के सबसे बड़े 1320 मेगावाट के पावर प्लांट के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरबा जिले में स्थापित होने वाले नवीन सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना 2 म 660 मेगावॉट का नामकरण देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गांधी के नाम पर रखने की मांग आई है। चूंकि स्व. श्री राजीव गांधी संचार क्रांति के प्रणेता थे, पंचायती राज का सपना देखने वाले थे और देश को 21वीं सदी में ले जाना चाहते थे, इसलिए नवीन प्लांट का नाम ऐसे महान विभूति के नाम पर करने की घोषणा करता हूं। बघेल ने आगे कहा कि यहां संयंत्र स्थापित करने के लिए पर्यावरण विभाग की अनुमति और कोयले की अनुमति मिल चुकी है। सारी प्रक्रिया बहुत तेजी से हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 तक इसे शुरू कर लेंगे, ऐसा विश्वास है। श्री बघेल ने कहा कि बिजली की खपत प्रति व्यक्ति सबसे ऊपर है, देश में सबसे ज्यादा है। राज्य में 42 लाख परिवार को आधा रेट में 400 यूनिट तक बिजली दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को 12357 करोड़ की सब्सिडी उपलब्ध कराई है। बिजली विभाग इस मामले में लगातार समर्पित है। अब बिजली उत्पादन बढक़र 4300 मेगावाट हो जाएगी। साथ ही हम सोलर उर्जा पर भी काम कर रहे हैं, पन बिजली पर भी काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हम सभी छत्तीसगढ महतारी की सेवा कर रहे हैं। हमारा छत्तीसगढ़ विकास की राह में तेजी से बढ़ रहा है। कोरबा जिले को आज इतनी बड़ी सौगात मिली है, इसके लिए सभी बधाई के पात्र है। उन्होंने मंच से मोर बिजली एप 2.0 का लांच किया और कहा कि यह छत्तीसगढ़ी भाषा का पहला एप है। इस एप से बिजली संबंधी शिकायतें और अन्य समस्याओं का समाधान आसानी से होने लगा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि एक ही जिले को 13 हजार करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है, जो अन्य किसी जिले को एक ही दिन में नहीं मिली है। मुख्यमंत्री के कामों ने पूरे देश में छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सहित जिलेवासियों को बिजली संयंत्र के लिए बधाई दी। श्री महंत ने नये बिजली संयंत्र को पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी के नाम पर करने की माँग भी की। डॉ महंत ने मेडिकल कालेज का नामकरण उनके पिताजी स्व. बिसाहू दास महंत के नाम पर करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि राज्य में विकास के काम पूरे हो रहे है। संवेदनशील मुख्यमंत्री ने छतीसगढ़ में विकास कार्यों से एक पहचान बनाई है। आज पॉवर प्लांट का भूमिपूजन हुआ है, सुपरक्रिटिकल पॉवर प्लांट में अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल होने से प्रदूषण कम होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कोयले से बिजली नहीं बल्कि पानी से बिजली बनाई जाएगी और छतीसगढ़ में पाँच ऐसी पन बिजली परियोजनाएँ बनाने की योजना है। अगले महीने तक राज्य में ट्रांसफ़ॉर्मस की कमी भी पूरी कर ली जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने कोरबा मेडिकल कॉलेज के भवन का काम भी दो-ढाई साल में पूरा कर लिया जाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पंजीयन और पुनर्वास मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने जिले में विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने जिले के विकास के लिए हवाई पट्टी का उन्न्यन, अंडर ग्राउण्ड वायरिंग, एल्युमिनियम पार्क की स्थापना तथा दर्री में एसडीएम कार्यालय सहित कई मांगे भी रखी। जिले के प्रभारी मंत्री और नगरीय प्रशासन, विकास तथा श्रम मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने कहा कि हमारी सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। किसानों का कर्ज माफ किया गया। श्रमिकों के लिए योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने आज कोरबा जिले को मिली अरबों रूपए के विकास कार्योंं की सौगात पर बधाई और शुभकामनाएं दी। सांसद श्री दीपक बैज ने कहा कि कोरबा में आज विकास की नई गाथा लिखी गई। पॉवर प्लांट , लाइब्रेरी की सौग़ात मिली है। सरकार को धन्यवाद देता हूँ, जो विकास के लिए काम कर रहे हैं। सांसद श्री बैज ने बस्तर क्षेत्र में बिजली पानी इलाज सुविधाओं के विकास की जानकारी दी और कहा कि सरगुज़ा से बस्तर तक विकास की गंगा बहा दी गई है। इससे पूर्व कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने स्वागत भाषण के माध्यम से जिले में विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 1000 निवेशकों का पैसा चिटफण्ड कंपनी से वापस कराया गया है। उर्जा सचिव श्री अंकित आनन्द ने कहा कि ताप विद्युत परियोजना के विषय में जानकारी दी।कार्यक्रम स्थल पर कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, छग गौसेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ महंत रामसुंदर दास, गौ सेवा आयोग के सदस्य श्री प्रशांत मिश्रा, महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल कंवर, विधायक पाली तानाखार श्री मोहित राम केरकेट्टा, विधायक कटघोरा श्री पुरुषोत्तम कंवर, पूर्व विधायक श्री बोधराम कंवर, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना उपाध्याय, खाद्य आयोग के सदस्य श्री हरीश परसाई, सभापति नगर निगम श्री श्याम सुंदर सोनी, श्री अंकित आनंद सचिव ऊर्जा विभाग छत्तीसगढ़ शासन, सचिव चिकित्सा शिक्षा छत्तीसगढ़ शासन श्री पी दयानंद, संभागायुक्त श्री भीम सिंह, आईजी श्री बीएन मीणा, एसपी श्री उदय किरण, जनपद पंचायत अध्यक्ष कोरबा श्रीमती हरेश कंवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष कटघोरा श्रीमती लता कंवर, राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमनागरिकगण उपस्थित थे।





















