विजय संकल्प शंखनाद, गृह मंत्री ने कहा-लोगों का विश्वास भाजपा पर

जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी के लिए लोकसभा चुनाव का विजय संकल्प का शंखनाद करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुँकार भरी कि आने वाला चुनाव देश का भविष्य तय करने वाला चुनाव है।आने वाला चुनाव देश को पूर्ण विकसित और भारत माता को विश्व गुरु बनाने के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। सन 2014 में 11 में से 10 सीटें भाजपा को आपने दी, 2019 में 11 में से 9 सीटें भाजपा को दी और विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा बहुमत से भाजपा की सरकार बनाई और एक नाकारा सरकार जिसने न तो नक्सलवाद पर लगाम कसी और न ही छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ न्याय किया उसे आपने उखाड़ फेंका।गृहमंत्री शाह गुरुवार को जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में भाजपा की विजय महासंकल्प शंखनाद रैली में महती जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अमित शाह ने कहा, मैं तो आज राम के ननिहाल में आया हूँ। छत्तीसगढ़ राम का ननिहाल है। 500 साल से रामलला अपने घर में नहीं विराज पाए थे, मंदिर नहीं बना था, कांग्रेस ने साढ़े 500 साल से लटके हुए मसले को 75 सालों में समाप्त नहीं किया, जबकि मोदी ने 22 जनवरी को रामलला के मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कर राम मंदिर का संकल्प पूरा किया। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सरकार अभी-अभी बनी है। गुजरात में कहावत है पूत के लक्षण पालने से ही मालूम पड़ते हैं। 2 महीने में ही लगभग लगभग 30 प्रतिशत मोदी गारंटी को विष्णु देव साय की सरकार ने पूरा कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने पुरजोर अपील की कि इस बार पूरे छत्तीसगढ़ की 11 की 11 लोकसभा सीटें जीतकर कमल खिलाएँ, मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएँ, मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत बनाएँ मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाएँ। आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार अभी दो महीने की है। मोदी की गारंटी में भाजपा ने जो वादे किए हैं उसको पूरा करने की दिशा मे भाजपा की प्रदेश सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री आवास का निर्णय ले लिया गया है, 2 साल के धान के बकाया बोनस 3716 करोड रुपए का भुगतान कर दिया गया है, 3716 करोड रुपए में किसानों के खाते में भेजा जा चुका है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी हुई है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनाव मोदी का चुनाव है, जो देश के लिए काम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी देश में सरकार बनाने के लिए काम नहीं करती, अपितु यह पूरे वर्ष देश की सेवा करने के लिए कार्य करती है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने से पहले देश में जगह-जगह बमबारी होती थी लेकिन पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐसी कोई घटनाएँ नहीं हुई है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मोदीजी की सरकार बनाने के लिए जांजगीर से भाजपा का सांसद दिल्ली पहुँचे और इसमें जितने कार्यकर्ता साथी हैं, पूरे प्राण-पण से जुट जाएं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को बने 10 साल हो गए हैं। इन 10 वर्षों में गाँव-गरीब और किसान की तरक्की का काम हुआ है। साव ने कहा कि जांजगीर लोकसभा में फिर से एक बार पूरी ताकत लगा कर कमल खिलाना है। सभा संचालन करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने किया। वही सभा को वित्त मंत्री ओपी चौधरी पूर्व सांसद कमला देवी पतले निर्मल सिंह आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में देर से पहुंचने के कारण कार्यकर्ता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति एवम नीरस भाषण से नाराज नजर आए वही कार्यक्रम के समापन होने पर कार्यकर्ता फ्लेक्सी कट आउट को आदि को उखाड़ कर ले गए।

RO No. 13467/11