
बाराद्वार। ड्यूटी के बाद लौट रहे विद्युत विभाग के कर्मचारी से बाराद्वार थाना छेत्र के ग्राम धनेली भाठा में लूट करने वाले तीन लुटेरों को बाराद्वार पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दर्राभांठा के कैलाश राम सिदार ने 19 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह सोहागपुर सीएसपीडीसीएल में लाईनमैन के पद पर कार्यरत हैं। 18 सितंबर को सोहागपुर से ड्युटी कर रात्रि 11.00 बजे अपने मोटर सायकल कमांक सीजी 12 एएक्स 1588 से अपने घर दर्राभांठा जा रहे थे।
रात्रि 11.50 बजे धनेलीमांठा पोल्ट्री फार्म के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने रास्ता रोक चाकू की नोंक पर मोबाईल, 15 सौ रुपए नकद, बैग आदि लूटकर भाग गए। कैलाश ने युवकों के फरार होते समय स्कूटी का नंबर सीजी 10 बीटी 2162 याद कर लिया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए 19 नवंबर को बिलासपुर कोटा वार्ड क्रमांक 06 निवासी अमित विश्वकर्मा, किशन पाण्डे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सामान जब्त करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।



















