कोरबा। भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी को चतुर्माहायोग में विघ्न विनाशक भगवान गणेश की प्रतिमाएं अनेक स्थानों पर स्थापित हुई। वैदिक मंत्र उपचार के साथ स्थापना का कार्य आज सुबह विशेष मुहूर्त में प्रारंभ हुआ। शास्त्रोक्त पद्धति से इस प्रक्रिया को पूरा किया गया।द्व
रिद्धि सिद्धि और अपने वाहन के साथ गणपति की प्रतिमाएं छोटे-बड़े पंडाल में नजर आ रहे हैं जिनके दर्शन के लिए भक्तगणों की उपस्थिति यहां पर दर्ज हो रही है। कोरबा जिले में 21 फीट की ऊंचाई वाली विघ्न विनाशक की प्रतिमा कटघोरा कस्बे के मुख्य चौराहे के पास मैदान में विराजित की गई है। यहां पर 107 फीट ऊंचाई वाला पांडाल तैयार किया गया है जिसे कारीगरों ने अयोध्या में बना रहे श्री राम मंदिर का स्वरूप दिया है। इसके साथ ही कोरबा में पावर हाउस रोड, अग्रोहा मार्ग, सीतामढ़ी रोड, दर्री रोड पर भी भगवान गणेश की आकर्षक और भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई है।
कोरबा नगर के साथ ही उपनगर क्षेत्र बालको नगर, कुसमुंडा, बंकीमोगरा, दीपका, दरी जमींपाली वह ग्रामीण क्षेत्रों में भी धूमधाम के साथ गणेश उत्सव पर्व का शुभारंभ आज से हो गया। इन सभी स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है। गणेश उत्सव पर्व जहां लोगों में भक्तिभाव को मजबूती दे रहा है वही इसके साथ सजावट सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की पूर्ति करने वाले कारोबार को भी बल मिला है। साजसज्जा, मिष्ठान, फल से लेकर लाइटिंग, साउंड टेंट और म्यूजिकल ग्रुप जैसी संस्था को भी भी अच्छे मौके मिले हैं। व्यवसायी बताते हैं कि उन्हें वर्ष भर इस प्रकार के आयोजनों की बेसब्री से प्रतीक्षा रहती है।