
जांजगीर – चांपा । शहर के युवा व्यवसायी विवेक अग्रवाल अपनी मेहनत और ज्ञान के दम पर कौन बनेगा करोड़पति के महामंच तक पहुंच गए। केबीसी की हाट सीट पर बैठकर उन्होंने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के सवालों के जवाब दिये। केबीसी में भाग लेने के बाद रविवार 27 अगस्त को उनकी घर वापसी हुई। केबीसी में विवेक के शो का प्रसारण 19 और 20 सितंबर को किया जाएगा। शहर के साथ ही जिलेवासियों को अब इसका बेसब्री से इंतजार है। नैला निवासी 37 वर्षीय विवेक अग्रवाल पिछले 17 साल से कौन बनेगा करोड़पति में भाग लेने के लिए तैयारी कर रहे थे, लेकिन लंबे इंतजार के बाद इस साल उनको केबीसी के हाट सीट तक पहुंचने का मौका मिल ही गया। अप्रैल माह में हुए आनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद उनका सलेक्शन ग्राउण्ड आडिशन के लिए हुआ था। मई माह में मुंबई जाकर वे आडिशन में शामिल हुए और फास्टेस्ट फिंगर फस्ट में सवाल का सही जवाब देकर हाट सीट तक पहुंच गए। केबीसी के खेल में उन्होंने अमिताभ बच्चन के सवालों का जवाब दिया और कई रोचक चर्चाएं भी की। विवेक अग्रवाल नैला निवासी बर्तन व्यवसायी कमल सुल्तानियां के पुत्र हैं। डीडी प्लाजा जांजगीर में उनकी महामाया मेटल शाप की दुकान है। विवेक का कहना है कि लगातार प्रयास करने से किसी भी काम में सफलता मिल सकती है। केबीसी में धन राशि जीतने से ज्यादा खुशी इस बात की है कि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ समय बीताने और रुबरु होकर चर्चा करने का मौका मिला। कौन बनेगा करोड़पति में भाग लेने के बाद रविवार की दोपहर विवेक का जांजगीर आगमन हुआ। इस दौरान लोगों ने आतिशबाजी और ढोल नगाड़े के साथ जमकर स्वागत किया।