
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में विस्फोटकों के परिवहन में नियमों की अनदेखी की जा रही है। चुनाव के दौरान पुलिस ने जब जांच अभियान चलाया तो एक पखवाड़े के भीतर परिवहन शर्तों के उल्लंघन पर तीन ट्रक पकड़ में आए हैं। इस बार पुलिस ने विस्फोटक परिवहन शर्तो के उल्लंघन करने पर ट्रक एवं भारी मात्रा में विस्पोटक साम्रगी जब्त किया है। ट्रक चालक आरोपित सुरेश चंद चौधरी (28) निवासी किरयपुरा वार्ड क्रमांक एक जिला भीलवाड़ा राजस्थान एवं राजकुमार सेन (25) निवासी सुलखनीया थाना परीहारा जिला चुरू राजस्थान के विरुद्ध एफआईआर पंजीकृत किया है। कुल विस्फोटक सामग्री 4,240 किलोग्राम है।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर डा लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अंतरराज्यीय सीमा पर जांच बेरियर स्थापित किया गया है।मध्यप्रदेश – छत्तीसगढ़ सीमा में बलंगी पुलिस चौकी के ग्राम तुगवां चेक पोस्ट में चौकी प्रभारी बलंगी एवं एसएसटी व जीएसटी टीम के साथ वाहन चेकिंग के दौरान मध्यप्रदेश की ओर से आ रहे भारत बेंज ट्रक क्रमांक आरजे 06 जीडी 2810 को रोका गया। जांच में विस्फोटक पदार्थ पाया गया। वाहन चालक को वाहन में लोड विस्फोटक सामग्री का दस्तावेज, रूट चार्ट, विधिवत् सूचना एवं वाहन के दस्तावेज तथा स्वयं का लायसेंस प्रस्तुत करने नोटिस देने पर परिवहन शर्तों का उल्लंघन पाया गया। विस्फोटक से भरी ट्रक को हनुमना रीवा, मध्यप्रदेश से सीधी सिंगरौली, सुरजपुर, कोरबा, रायगढ़ होते देवनारायण ड्रीलिंग एवं ब्लास्टिंग बलौदा जांजगीर लेकर जा रहा था। निर्धारित रूट चार्ट में जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ से परिवहन करने के संबंध में अनुमति नहीं पाया गया। नक्सल प्रभावित जिला बलरामपुर में विस्फोटकों के नक्सलियों के कब्जे में चले जाने से मानव जीवन को संकटापन्न उत्पन्न होने की संभावना थी।यही कारण है कि पुलिस ने विस्फोटक लोड ट्रक को जब्त कर चालक व क्लीनर के विरुद्ध कार्रवाई की है। इसके पहले भी बलरामपुर जिले में विस्फोटक से लदे दो ट्रक जप्त किए जा चुके हैं। पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।























