
सचेत करने नहीं लगाए गए संकेतक
कोरबा। चाहे जिन कारणों से कोरबा में एक सडक़ को वीआईपी रोड का नाम दे दिया गया है लेकिन तस्वीर देखकर ऐसा लगता नहीं है। दूसरी सडक़ों जैसा हाल इसका भ है। इसी मार्ग पर सरस्वती विद्यालय और अंधरीकछार विद्यालय के सामने कुल चार ब्रेकर बनाए गए हैं जिनकी दुर्गति हो गई है। इसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
लगातार इस प्रकार की घटनाएं इस वीआईपी मार्ग पर जारी है और इसके कारण सामान्य और असामान्य स्थिति में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ों पर वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए मोस्ट के मापदंड के अंतर्गत मैन्युअल ब्रेकर बनाए जाते रहे हैं।
हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर विभिन्न मार्गों से इन्हें हटाने का काम किया गया। इधर नगर निगम ने वीआईपी रोड पर संभावित खतरों के मद्देनजर दो विद्यालयों के सामने रंबल ब्रेकर लगाए। यह दूसरे प्रकार का प्रयोग है और इसके टिकाउपन के साथ कई प्रकार के दावे किए गए। वर्तमान में दोनों स्थान पर ब्रेकर का काफी हिस्सा या तो चोरी कर लिया गया या खराब हो गया। ऐसे में आधे हिस्से में गड्ढे मौजूद हैं। नगर निगम ने संबंधित प्वाइंट पर आने-जाने वाले लोगों को सचेत करने के लिए संकेतक भी नहीं लगाए हैं। इस चक्कर में वाहन चालक यहां पर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। मेयर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि जल्द सुधार का काम कराएंगे।