
कोरबा। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग में पद पर रहते हुए पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता शंकरदास महंत कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यम से प्रचार-प्रसार कर रहा था। शिकायत मिलने पर कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष राजेश मानिकपुरी ने उन्हें संगठन से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया। इसकी जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, महामंत्री मलकीत सिंह, पिछड़ा विभाग के प्रदेशाध्यक्ष चौलेश्वर चंद्राकर, महामंत्री नचिकेता जायसवाल सहित कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल को दे दी गई है। जिले में कांग्रेस नेता को निष्कारित किये जाने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले जिला पंचायत अध्यक्ष के पति एवं कांग्रेस नेता छत्रपाल सिंह कंवर को पाली तानाखार क्षेत्र में कांग्रेस के खिलाफ बगावत कर चुनाव लडऩे के कारण निष्कासित किया गया था।