
डभरा। शराबी पति से तंग आकर पत्नी ने हथौड़ी और लाठी से प्रहार कर हत्या कर दी । पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम बासीन के भांठापारा मोहल्ले की है।जानकारी के अनुसार ग्राम बासीन के भाठापारा मोहल्ला निवासी बजरंग जाटवर शराब पीने का आदी था। हर रोज शराब पीकर वह अपनी पत्नी उर्मिला जाटवर से झगड़ा करता था। वह पत्नी और बच्चों के साथ रहता था और हाल ही में खेत बिक्री की राशि उसे मिली थी। इस पैसे से वह हर रोज शराब पीकर हमेशा अपनी पत्नी से झगड़ा और मारपीट करता था। एक दिसंबर की रात पति पत्नी में फिर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि उर्मिला जाटवर ने अपने पति बजरंग जाटवर पर डंडे एवं धारदार कील ठोकने वाली हथौड़ी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया । जिससे बजरंग जाटवर की मौत हो गई। घर के आंगन में उसका शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने उसकी पत्नी के विरूद्ध भादवि की धारा 302 के तहत अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बजरंग जाटवर और उर्मिला जाटवर की तीन बेटियां व एक 12 साल का बेटा है, एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस संबंध में थाना प्रभारी डभरा नरेंद्र यादव नेबताया कि पति की हत्या करने वाली पत्नी उर्मिला जाटवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


























